Skip to main content

बैराठ की सभ्यता-


बैराठ राजस्थान की राजधानी जयपुर से लगभग 85 किलोमीटर दूर स्थित है। प्राचीन ग्रंथों में इसका नाम विराटपुर मिलता है। यह प्राचीन मत्स्य प्रदेश की राजधानी था। 

बैराठ का क्षेत्र लगभग 8 किमी लंबाई तथा 5 किमी चौड़ाई में फैला है। यह आसपास में पहाड़ियो से घिरा है। कस्बे के चारों ओर टीले ही टीले हैं। इन टीलों में पुरातत्व की दृष्टि से बीजक की पहाड़ी, भोमजी की डूंगरी तथा महादेव जी की डूंगरी अधिक महत्वपूर्ण है। यह स्थान मौर्यकालीन तथा उसके पीछे के काल के अवशेष का प्रतीक है, किंतु खुदाई से प्राप्त सामग्री से यह अनुमान लगाया जाता है कि यह क्षेत्र सिंधु घाटी सभ्यता के प्रागैतिहासिक काल का समकालीन है।  

वैसे यहां पर मौर्यकालीन अवशेषों के अलावा मध्यकालीन अवशेष भी मिले हैं। यहाँ की बीजक डूँगरी से कैप्टन बर्ट ने अशोक का ‘भाब्रू शिलालेख’ खोजा था। इनके अतिरिक्त यहाँ से बौद्ध स्तूप, बौद्ध मंदिर (गोल मंदिर) और अशोक स्तंभ के साक्ष्य मिले हैं। ये सभी अवशेष मौर्ययुगीन हैं। ऐसा माना जाता है कि हूण आक्रान्ता मिहिरकुल ने बैराठ का विध्वंस कर दिया था। चीनी यात्री युवानच्वांग ने भी अपने यात्रा वृत्तान्त में बैराठ का उल्लेख किया है।


ईंटों का ही अधिक प्रयोग-

यह कारण अभी समझ में नहीं आया है कि बैराठ के आसपास पत्थरों की कमी नहीं है, फिर भी भवन निर्माण के लिए मिट्टी से पकाई गई ईंटों का ही अधिक प्रयोग किया गया है। मठों, स्तूपों, मंदिरों, मकानों तथा चबूतरों आदि सभी के निर्माण के लिए मिट्टी की ईंटों का ही प्रयोग किया गया है। यद्यपि यहां के आसपास के लोग अपने नए मकान के निर्माण के लिए यहां की अधिकांष ईंटें निकाल कर ले गए फिर भी बहुत-सी ईंटें बच गई। प्राप्त ईंटों में अधिकतर 20 x 10.5 x 3 इंच और 21 x 13 x 3 इंच के आकार की है। फर्श बिछाने के लिए उपयोग में लाई गई टाइलों का आकार बड़ा अर्थात 26 x 26 इंच के आकार का है।  इन ईंटों की बनावट मोहनजोदड़ो में मिली ईंटों के समान है। शायद इन ईंटों का प्रयोग बौद्ध मठ के निर्माण के लिए किया गया होगा। यहां एक खंडहरनुमा भवन मिला है जिसमें 6-7 छोटे कमरे हैं। ये ईंटें इसी भवन के आसपास बिखरी मिली है। विद्वानों के अनुसार यह खंडहर किसी बौद्ध मठ का है। खंडहर की दीवारें 20 इंच मोटी है तथा कमरों में आने जाने का मार्ग अत्यंत संकड़ा है। खंडहर के अवशेष गोदाम तथा चबूतरों के अस्तित्व की और संकेत करते हैं।

यूनानी मुद्राएं-

कमरों के उत्खनन से प्राप्त होने वाली सामग्री में मुद्राएं काफी महत्वपूर्ण है। यहां कुल 36 मुद्राएं मिली है। ये मिट्टी के भांड में कपड़े से बंधी हुई प्राप्त हुई है। इनमें से 8 पंचमार्क चांदी की मुद्राएं हैं तथा 28 इंडो ग्रीक व यूनानी शासकों की मुद्राएं हैं। बौद्ध मठ से मुद्राएं प्राप्त होना आश्चर्यजनक है किंतु यह अनुमान लगाया जाता है कि ये किसी भिक्षु ने छुपा कर रखी होगी।  ये मुद्राएं यह प्रमाणित करती है कि यहां यूनानी शासकों का अधिकार था। 16 मुद्राएं यूनानी राजा मिनेंडर की हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि 50 ई. तक बैराठ बौद्धों का निवास स्थली रहा होगा।
पुरातत्ववेत्ताओं के अनुसार बैराठ के बौद्धमठ से प्राप्त सामग्री लगभग 250 ई. पू. से 50 ई. पू. तक के समय की है।

मठ के खंडहर की खुदाई से प्राप्त अन्य वस्तुएं-

कपड़ा-

जिस कपड़े मे मुद्राएं बंधी मिली थी वह एक सूती (रूई से बना) कपड़ा है जिसे हाथ से बुना गया होगा।

मृदभांड व मृद कृतियां- 


यहां मृदभांड भी मिले हैं जो काफी अलंकृत है। कुछ पर रोचक ढंग से स्वास्तिक और त्रिरत्न के चिह्न हैं। ये बर्तन देखने में अत्यंत आकर्षक लगते हैं। यहां मिट्टी से बनी कई वस्तुएं मिली है जिनमें पूजापात्र, थालियां, लोटे, मटके, घड़े, खप्पर, नाचते हुए पक्षी, कुंडियां आदि हैं।

औजार-


यहां लौहे व तांबे की कृतियां तो नहीं मिली हैं किंतु इन्हें बनाने के औजार अवश्य मिले हैं।


अशोक स्तंभ- 


बौद्धमठ के दक्षिण में बिखरे पड़े चुनाई के पालिशदार पत्थरों से यह पुष्टि होती है कि यहां किसी समय दो या तीन स्तंभ रहे होंगे, जिन्हें बहुत से विद्वान अशोक स्तंभ मानते हैं क्योंकि कई टुकड़ों में सिंह की आकृति के भाग हैं। इनके टुकड़े कैसे हुए होंगे, इस पर विद्वान मानते हैं कि 510-540 ई. के मध्य मिहिरकुल के आक्रमणों से इन्हें क्षति हुई होगी।


गोल मंदिर-


यहां एक गोल मंदिर के भी अवशेष मिले हैं। विद्वान मानते हैं कि इसका निर्माण अशोक ने करवाया था। मंदिर की फर्श ईंटों की रही होगी तथा द्वार पर लकड़ी के दरवाजे लगे होंगे। इन दरवाजों को लौहे की बड़ी कीलियों तथा कब्जों से टिकाया जाता होगा। मंदिर के उत्खनन से पूजापात्र, थालियां,घड़े, खप्पर, नाचते हुए पक्षी, धूपदान आदि मिले हैं।

Comments

Popular posts from this blog

Kaun tha Hashmat Wala Raja Rao Maldev - कौन था हशमत वाला राजा राव मालदेव

राव मालदेव राठौड़ का इतिहास | History of Rao Maldev Rathod (मालदेओ राठौड़ इतिहास)   राव मालदेव का जन्म 5 दिसंबर 1511 को हुआ था । वह अपने पिता राव गांगा को मारकर 5 जून, 1532 को जोधपुर के राज्य सिंहासन पर आसीन हुए थे । इसलिए इसे पितृहंता शासक कहते हैं। जिस समय राव मालदेव ने गद्दी संभाली, उस समय दिल्ली के शासक मुगल बादशाह हुमायूँ थे । राव मालदेव की माँ का नाम रानी पद्मा कुमारी था जो सिरोही के देवड़ा शासक जगमाल की पुत्री थी । जैसलमेर के शासक राव लूणकरण की पुत्री उमादे से राव मालदेव का विवाह हुआ था । रानी उमादे विवाह की प्रथम रात्रि को ही अपने पति से रूठ गई और आजीवन उनसे रूठी रही । इस कारण उमादे इतिहास में ‘ रूठी रानी ‘ के नाम से प्रसिद्ध हो गई । राव मालदेव की मृत्यु होने पर रानी उमादे सती हो गई । मालदेव के राज्याभिषेक के समय जोधपुर और सोजत परगने ही उनके अधीन थे। वीर और महत्वाकांक्षी राव मालदेव ने शासन संभालते ही राज्य प्रसार का प्रसार करने पर ध्यान केंद्रित किया और जल्दी ही उन्होंने सींधल वीरा को परास्त कर भाद्राजूण पर अधिकार कर लिया। साथ ही फलौदी को जैसलमेर के भाटी शास...

How to do scientific farming of fennel - कैसे करें सौंफ की वैज्ञानिक खेती

औषधीय गुणों से भरपूर है सौंफ - प्राचीन काल से ही मसाला उत्पादन में भारत का अद्वितीय स्थान रहा है तथा 'मसालों की भूमि' के नाम से विश्वविख्यात है। इनके उत्पादन में राजस्थान की अग्रणी भूमिका हैं। इस समय देश में 1395560 हैक्टर क्षेत्रफल से 1233478 टन प्रमुख बीजीय मसालों का उत्पादन हो रहा है। प्रमुख बीजीय मसालों में जीरा, धनियां, सौंफ व मेथी को माना गया हैं। इनमें से धनिया व मेथी हमारे देश में ज्यादातर सभी जगह उगाए जाते है। जीरा खासकर पश्चिमी राजस्थान तथा उत्तर पश्चिमी गुजरात में एवं सौंफ मुख्यतः गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार तथा मध्य प्रदेश के कई इलाकों में उगाई जाती हैं। हमारे देश में वर्ष 2014-15 में सौंफ का कुल क्षेत्रफल 99723 हैक्टर तथा इसका उत्पादन लगभग 142995 टन है, प्रमुख बीजीय मसालों का उत्पादन व क्षेत्रफल इस प्रकार हैं। सौंफ एक अत्यंत उपयोगी पादप है। सौंफ का वैज्ञानिक नाम  Foeniculum vulgare होता है। सौंफ के दाने को साबुत अथवा पीसकर विभिन्न खाद्य पदार्थों जैसे सूप, अचार, मीट, सॉस, चाकलेट इत्यादि में सुगन्धित तथा रूचिकर बनाने में प्रयोग कि...

Main breeds of Indian horses - जानिये भारतीय घोड़ों की मुख्य नस्लें

Main breeds of Indian horses - भारतीय अश्वों की मुख्य नस्लें 1. मारवाड़ी (मालानी) घोड़े - मारवाड़ी घोड़े का इस्तेमाल राजाओं के ज़माने में युद्ध के लिए किया जाता था। इसलिए कहा जाता है कि इन घोड़ों के शरीर में राजघराने का लहू दौड़ता है। मालानी नस्ल के घोड़े अपनी श्रेष्ठ गुणवता के कारण देश-विदेश मे पहचान बना चुके हैं और इनकी खरीद-फरोख्त के लिए लोग बाड़मेर जिले के तिलवाड़ा मेले में पहुँचते है। पोलो एवं रेसकोर्स के लिए इन घोड़ों की माँग लगातार बढ़ रही है। दौड़ते समय मालानी नस्ल के घोड़े के पिछले पैर, अपने पैरों की तुलना में, अधिक गतिशील होने के कारण अगले पैरों से टक्कर मारते हैं, जो इसकी चाल की खास पहचान है। इनके ऊँचे कान आपस में टकराने पर इनका आकर्षण बढ़ जाता हैं और ये घोड़े कानों के दोनों सिरों से सिक्का तक पकड़ लेते हैं। चाल व गति में बेमिसाल इन घोड़ों की सुन्दरता, ऊँचा कद, मजबूत कद-काठी देखते ही बनती हैं। राजस्थान में  घोड़े जोधपुर, बाड़मेर, झालावाड़, राजसमन्द, उदयपुर, पाली एवं उदयपुर आदि स्थानों में पाये जाते है। जन्म स्थान :   इस नस्ल के घोड़ों का...