Skip to main content

राजस्थान की जल धरोहरों की झलक : - 2

पुष्कर सरोवर

यह किंवदंती है कि जब भगवान ब्रह्मा यज्ञ के लिए शांति स्थान की खोज के लिए निकले तो कर से गिरे कमल से पुष्कर ( पुष-कमल, कर-हाथ) सरोवर की रचना हुई। चौथी शताब्दी में कालिदास ने अपनी कृति 'अभिज्ञान शाकुन्तलम्' इसी स्थान पर रची थी। गुरु गोविन्द सिंह ने यहाँ पर गुरुग्रंथ साहिब का पाठ किया था। इतिहासकार कर्नल जेम्स टॉड ने कहा कि इस सरोवर की तुलना तिब्बत की मानसरोवर झील के अलावा और किसी से नहीं की जा सकती। तीन ओर से पहाड़ियों से घिरी अर्धचंद्राकार 10 मीटर गहरी इस झील के किनारे बावन घाट हैं एवं विश्व का एकमात्र व सबसे प्राचीन ब्रह्माजी का मंदिर भी है। प्रयाग को तीर्थराज कहते हैं तो पुष्कर को सभी तीर्थों का सम्राट कहते हैं।


माही बजाज सागर बाँध, बाँसवाड़ा

यह राजस्थान के विराट बाँधों में से एक है। यह बाँध माही नदी नदी पर बना है जो मध्यप्रदेश के धार जिले में विन्ध्यांचल पर्वत से निकल कर अरावली की पहाड़ियों में बाँसवाड़ा में प्रवेश कर गुजरात की खम्भात की खाड़ी में गिरती है। यह राजस्थान व गुजरात की अंतःराज्यीय संयुक्त परियोजना का यह बाँध केवल बाँसवाड़ा ही नहीं अपितु समूचे वागड़ क्षेत्र के साथ साथ गुजरात में सिंचाई के लिए वरदान सिद्ध हुआ है। इससे राज्य में लगभग 54259 हैक्टेयर भूमि में सिंचाई होती है जिसे बढ़ा कर 80 हजार हैक्टेयर करने का लक्ष्य है। इस बाँध पर विद्युत उत्पादन परियोजना भी संचालित है। इसमें 16 रेडियल गेट लगे हैं। इस बाँध के परिक्षेत्र में 250 से अधिक पक्षी पाए जाते है। इस बाँध का अधिकतम जलस्तर 31 मीटर तथा न्यूनतम जलस्तर 28 मीटर है।

आनासागर झील, अजमेर

अजमेर की यह झील दो पहाड़ियों के मध्य स्थित है जिसका निर्माण पृथ्वीराज चौहान के दादा अन्नाजी ने 1137 ई. में कराया था। इसकी परिधि 8 मील है। इस झील पर शाहजहाँ द्वारा निर्मित बारादरी में संगमरमर के बारह दरवाजे है। झील के किनारे जहाँगीर ने दौलतबाग बनवाया था जिसे आजकल सुभाष उद्यान कहते हैं।

फॉयसागर, अजमेर

इस झील में वर्षभर पानी भरा रहता है। इसका जलस्तर अधिक हो जाने पर इसका पानी आनासागर में भेज दिया जाता है।

बालसमंद झील, जोधपुर

जोधपुर के उत्तर में मंडोर मार्ग पर स्थित इस झील का निर्माण परिहार शासक राव ने 1159 ई. में कराया था। इसके पानी को पेयजल में उपयोग लेते हैं।


गेपसागर झील, डूंगरपुर

नगर के मध्य स्थित इस झील का निर्माण डूंगरपुर के महारावल श्री गोपा रावल ने करवाया था। अत्यंत विहंगम व चित्ताकर्षक दृश्य वाली इस झील के चारों ओर प्राचीन श्रीनाथ मंदिर, विजय राजेश्वर मंदिर, बादल महल, उदय विलास महल स्थित है। यह झील भी विविध प्रजातियों के पक्षियों का बसेरा है।


केवलादेव अभयारण्य जलक्षेत्र. भरतपुर

29 वर्ग किमी में फैले व यूनेस्को की विश्व धरोहर कोष की सूची में सम्मिलित केवलादेव भारत का सबसे बड़ा पक्षी अभयारण्य है। इसे वर्ष 1982 में राष्ट्रीय उद्यान घोषित किया गया था। यह 100 वर्ष पूर्व भरतपुर के महाराजाओं की आखेट स्थली था। यहाँ शीतकाल में लगभग साइबेरिया से पाँच हजार किमी की यात्रा करके साइबेरियन क्रेन तथा अफगानिस्तान, चीन व मंगोलिया से पक्षी देशांतर गमन के लिए आते हैं।

 

गढ़सीसर सरोवर, जैसलमेर

जैसलमेर के प्रवेश मार्ग पर यह सुंदर सरोवर स्थित है। जैसलमेर के महारावल गढ़सीसिंह ने इसका निर्माण कराया था। यह कलात्मक प्रवेश द्वार एवं इसके अंदर स्थित सुंदर छतरियों तथा किनारे पर बनी बगीचियों के कारण प्रसिद्ध है। इसके किनारे पर "जैसलमेर लोक सांस्कृतिक संग्रहालय भी बना है। इस तालाब के आधे भाग में घाट, मंदिर, स्तम्भ व बरामदे हैं।

कायलाणा झील, जोधपुर

जोधपुर के पश्चिम में स्थित इस झील का निर्माण महाराजा जसवंतसिंह द्वितीय ने कराया था। इसमें सात नहरों से पानी आता है जिसमें से आसपास की पहाड़ियों से आने वाली छः नहर इसकी पारंपरिक जल स्रोत है जबकि सातवीं नहर 'लिफ्ट कैनाल' बाद में जोड़ी गई है। झील के मध्य एक टापू है जिसकी प्राकृतिक सुंदरता मनमोहक है।

बड़ोपाल झील, हनुमानगढ़

हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर यह झील बढ़ोपाल गाँव में स्थित है। यह झील लगभग बीस वर्ष पूर्व निर्मित है। यहाँ कुछ दूरी पर कालीबंगा व पीलीबंगा की प्राचीन सभ्यता मौजूद है। इस झील में जब फ्लेमिंगो के समूह अठखेलिया करते है तो यह बहुत सुंदर लगती है।

पवित्र कोलायत झील, बीकानेर

बीकानेर से लगभग 45 किमी दूर यह झील हिन्दूओं के लिए पवित्र स्थल है। यहाँ नेपाल से भी तीर्थ यात्री आते हैं। इस झील के तट पर परमपिता ब्रह्मा के पुत्र महर्षि कर्दम्ब व मनु की पुत्री देवहुति के पुत्र सांख्य दर्शन के प्रणेता कपिल मुनि का मंदिर स्थित है। यहाँ कार्तिक माह में एक विशाल मेला भरता है जिसमें लाखों लोग आते हैं।

किशोर सागर झील, कोटा

इसका निर्माण बूँदी के राजकुमार धीरदेव ने कराया था। आकर्षक नजारे वाली इस झील के बीच में जगमंदिर है जो लाल पत्थर से बना एक स्मारक है। महल की ऊँची व उत्कृष्ट दीवारें जब इसके स्वच्छ नीले जल में प्रतिबिम्बित होती है तो नयनाभिराम दृश्य बनता है। इस झील के किनारे आकर्षक बृजविलास महल संग्रहालय भी है।

जैतसागर झील, बूँदी

यह बूँदी शहर के उत्तर पूर्व में पहाड़ की तलहटी में स्थित है। पहाड़ों के मध्य झूला झूलती प्रतीत होती इस झील को बूँदी के राजा जैता मीणा ने बनवाया था जिसका पुनरुद्धार राव राजा विष्णु सिंह के कारीगर सुखराम ने कराया और इसके निकट सुखमहल भी बनवाया जिसमें विश्वविख्यात लेखक रुड्यार्ड किपलिंग ठहरे थे। इसे बड़ा तालाब भी कहते हैं। यह झील 4455 हैक्टेयर भूमि में फैली है। 1995 तक यह झील ताजा पानी का स्रोत थी।


पद्म तालाब, सवाई माधोपुर

यह रणथम्भौर राष्ट्रीय उद्यान की सबसे विशाल झील है। 400 वर्ग किमी में फैली इस सुंदर झील में चित्ताकर्षक पद्म या कमल इसकी खूबसूरती को कई गुना बढ़ा देते हैं। पास ही स्थित जोगी महल इसकी नयनाभिराम दृश्यावली अनुपम अंग है। पद्म तालाब पर वन्य जीवन के उस समय मनभावन नजारे होते है जब चिंकारा, हिरण, बाघ इत्यादि यहाँ पानी पीने आते हैं। यह दृश्य पर्यटकों के लिए अत्यंत रोमांचकारी होता है।

हाड़ी रानी की बावड़ी, टोडाराय सिंह, टौंक

बेजोड़ स्थापत्य कला के इस नमूने का निर्माण बूँदी की राजकुमारी हाड़ी रानी ने लगभग 16 वीं शताब्दी में करवाया था जिनका विवाह सोलंकी शासक से हुआ था। इसके एक ओर बने अनूठे विश्राम कक्ष अपने आकार ऊँचाई व ठंडक के कारण जाने जाते हैं।

मेनाल भीलवाड़ा, मेनाल 

माण्डलगढ से 20 किमी दूर चितौडगढ की सीमा पर स्थित पुरातात्विक एवं प्राकृतिक सौन्दर्य स्थल के रूप में प्रसिद्ध है। इसे राजस्थान का खजुराहो भी कहते हैं। मेनाल में 12 वीं शताब्दी के चौहान काल में लाल पत्थरों से निर्मित महानालेश्वर मंदिर, रूठी रानी का महल तथा हजारेश्वर मंदिर दर्शनीय हैं। सैकडों फीट से गिरता मेनाली नदी का जल प्रपात पर्यटकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केन्द्र हैं। यह जलप्रपात तीन धारों में विभाजित होकर ग्रेनाइट की पट्टियों के ऊपर से गुजरते हुए करीब 400 फुट गहरे दर्रे में समा जाता है।

जयसमंद झील

उदयपुर से करीब 48 किमी दूर स्थित इस झील का निर्माण महाराणा जयसिंह ने 1685 ई. में गोमती नदी पर करवाया था। मिश्र की आसवान झील बनने के बाद यह एशिया की दूसरी सबसे बड़ी मानव निर्मित झील मानी जाती है। इस झील का दूसरा नाम 'ढेबर' भी है। यह झील 36 वर्गकिमी में फैली है जिसकी लंबाई 14 किमी व चौड़ाई 9 किमी है। इसकी अधिकतम गहराई 102 फुट है व इसकी परिधि 30 मील है। इस झील में सात टापू है जिसमें से एक पर भील मीणा आदिवासियों की बस्ती है जो नौका से आवागमन करते हैं। यहाँ के सबसे बड़े टापू को बाबा का भागड़ा हैं तथा दूसरे बड़े टापू को प्यारी कहते हैं। जयसमंद के अभयारण्य में पक्षी, पेंथर, तेंदुएं, हिरण, जंगली भालू एवं मगर संरक्षित है।

नक्की झील, माउंट आबू

राजस्थान के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू की सुरम्य नक्की झील भारत की एकमात्र ऐसी झील है जो समुद्र तल से 1200 मीटर ऊँचाई पर स्थित है। इसके बारे में किंवदंती है कि इसे देवताओं ने अपने नख से खोदा था इसलिए इसका नाम नक्की है। झील के चारों ओर चट्टान की अजीब आकृति आकर्षक है। झील के किनारे मेंढक के आकार की 'टॉड रॉक' कौतूहल पैदा करती है।

जवाई बाँध, पाली

600 करोड़ घन फुट जल क्षमता वाला यह बाँध पश्चिम राजस्थान का सबसे बड़ा बाँध है। यह जोधपुर व पाली के सेंकड़ों गाँवों के पेयजल का स्रोत है। पहाड़ियों से घिरे इस बाँध के आसपास वन्य जीव भी बहुतायत से पाए जाते हैं।

तालाब-ए-शाही, धौलपुर

यह बाड़ी कस्बे से 2 किमी दूर एक विशाल पक्की झील है जिसे जहाँगीर के मनसबदार सुलेह खां ने बनवाई थी। इसमें विदेशी पक्षी सर्दियों में बसेरा करते हैं। झील किनारे महाराजा उदयभान सिंह द्वारा निर्मित एक इमारत भी है।

Comments

Popular posts from this blog

Kaun tha Hashmat Wala Raja Rao Maldev - कौन था हशमत वाला राजा राव मालदेव

राव मालदेव राठौड़ का इतिहास | History of Rao Maldev Rathod (मालदेओ राठौड़ इतिहास)   राव मालदेव का जन्म 5 दिसंबर 1511 को हुआ था । वह अपने पिता राव गांगा को मारकर 5 जून, 1532 को जोधपुर के राज्य सिंहासन पर आसीन हुए थे । इसलिए इसे पितृहंता शासक कहते हैं। जिस समय राव मालदेव ने गद्दी संभाली, उस समय दिल्ली के शासक मुगल बादशाह हुमायूँ थे । राव मालदेव की माँ का नाम रानी पद्मा कुमारी था जो सिरोही के देवड़ा शासक जगमाल की पुत्री थी । जैसलमेर के शासक राव लूणकरण की पुत्री उमादे से राव मालदेव का विवाह हुआ था । रानी उमादे विवाह की प्रथम रात्रि को ही अपने पति से रूठ गई और आजीवन उनसे रूठी रही । इस कारण उमादे इतिहास में ‘ रूठी रानी ‘ के नाम से प्रसिद्ध हो गई । राव मालदेव की मृत्यु होने पर रानी उमादे सती हो गई । मालदेव के राज्याभिषेक के समय जोधपुर और सोजत परगने ही उनके अधीन थे। वीर और महत्वाकांक्षी राव मालदेव ने शासन संभालते ही राज्य प्रसार का प्रसार करने पर ध्यान केंद्रित किया और जल्दी ही उन्होंने सींधल वीरा को परास्त कर भाद्राजूण पर अधिकार कर लिया। साथ ही फलौदी को जैसलमेर के भाटी शास...

How to do scientific farming of fennel - कैसे करें सौंफ की वैज्ञानिक खेती

औषधीय गुणों से भरपूर है सौंफ - प्राचीन काल से ही मसाला उत्पादन में भारत का अद्वितीय स्थान रहा है तथा 'मसालों की भूमि' के नाम से विश्वविख्यात है। इनके उत्पादन में राजस्थान की अग्रणी भूमिका हैं। इस समय देश में 1395560 हैक्टर क्षेत्रफल से 1233478 टन प्रमुख बीजीय मसालों का उत्पादन हो रहा है। प्रमुख बीजीय मसालों में जीरा, धनियां, सौंफ व मेथी को माना गया हैं। इनमें से धनिया व मेथी हमारे देश में ज्यादातर सभी जगह उगाए जाते है। जीरा खासकर पश्चिमी राजस्थान तथा उत्तर पश्चिमी गुजरात में एवं सौंफ मुख्यतः गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार तथा मध्य प्रदेश के कई इलाकों में उगाई जाती हैं। हमारे देश में वर्ष 2014-15 में सौंफ का कुल क्षेत्रफल 99723 हैक्टर तथा इसका उत्पादन लगभग 142995 टन है, प्रमुख बीजीय मसालों का उत्पादन व क्षेत्रफल इस प्रकार हैं। सौंफ एक अत्यंत उपयोगी पादप है। सौंफ का वैज्ञानिक नाम  Foeniculum vulgare होता है। सौंफ के दाने को साबुत अथवा पीसकर विभिन्न खाद्य पदार्थों जैसे सूप, अचार, मीट, सॉस, चाकलेट इत्यादि में सुगन्धित तथा रूचिकर बनाने में प्रयोग कि...

Vedic Period - Early Vedic Society वैदिक काल- प्रारम्भिक वैदिक समाज

प्रारम्भिक वैदिक समाज Vedic Period - Early Vedic Society प्रारम्भिक वैदिक समाज कबीलाई समाज था तथा वह जातीय एवं पारिवारिक संबंधों पर आधारित था। प्रारम्भिक वैदिक समाज जाति के आधार पर विभाजित नहीं था एवं विभिन्न व्यावसायिक समूह अर्थात् मुखिया, पुरोहित, कारीगर आदि एक ही जन समुदाय के हिस्से थे। प्रारम्भिक वैदिक समाज में कबीले के लिए ‘जन’’ शब्द का इस्तेमाल किया जाता था और ऋग्वेद में विभिन्न जन का उल्लेख है। विभिन्न कबीलों में पारस्परिक संघर्ष सामान्य थे, जैसे ऋग्वेद में ‘‘दशराज युद्ध’’ का वर्णन हुआ है और इसी युद्ध के वर्णन से हमें कुछ कबीलों के नाम प्राप्त होते हैं जैसे भरत, पुरु, यदु, द्रहयु, अनू और तुरवासू। प्रारम्भिक वैदिक समाज में कबीलों के युद्ध जैसे कि पहले भी कहा गया है पशुओं के अपरहय एवं पशुओं की चोरी को लेकर होते रहते थे। ‘‘राजा’’ या ‘‘गोपति’’- कबीले का मुखिया ‘‘राजा’’ या ‘‘गोपति’’ होता था। वह युद्ध में नेता तथा कबीले का रक्षक था। ‘‘राजा’’ या ‘‘गोपति’’ का पद अन्य व्यावसायिक समूहों की भांति ही पैतृक नहीं था बल्कि उसका जन के सदस्यों में से चुनाव होता था। ‘राजन्य’- योद्धा को ‘राजन्य’ क...